मनेन्द्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर सेमरमथानी के पास हुआ हादसा : MCB में भीषण सड़क हादसा: पेड़ से टकराई यात्री बस, चालक और बस मालिक की मौत की सूचना
संजीव तिवारी
MCB । छत्तीसगढ़ मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में गुरुवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। मनेंद्रगढ़–केल्हारी मार्ग पर सेमरमथानी के पास जनकपुर से मनेंद्रगढ़ आ रही एक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भयावह था कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यात्री बस अपने निर्धारित मार्ग पर जनकपुर से मनेंद्रगढ़ की ओर आ रही थी। इसी दौरान सेमरमथानी के पास बस दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे में बस चालक और बस मालिक की मौत होने की सूचना सामने आई है। हालांकि, मृतकों की संख्या और अन्य घायलों की स्थिति की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
सूचना मिलते ही शुरू हुआ राहत कार्य
दुर्घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। मौके पर पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने घायलों की मदद की और राहत कार्य में सहयोग दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे के कारणों की जांच जरूरी
भीषण दुर्घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद सामने आ सकेगी।