17 नव. 2026
CG Samvad News
—— ख़बरों का सीधा संवाद ——
BREAKING NEWS
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का युवाओं को संदेश: बड़े सपने देखें, सफलता को राष्ट्रसेवा से जोड़ें MCB में भीषण सड़क हादसा: पेड़ से टकराई यात्री बस, चालक और बस मालिक की मौत की सूचना दशहरा की रात कोरबा में खूनी वारदात, चाकू मारकर युवक की हत्या; 3 गिरफ्तार, एक की तलाश जारी क्षेत्र पंचायत सदस्यों की मांग जिला योजना के कार्यों का विकासखंड को बनाया जाए कार्यदाई संस्था। 3 साल के मासूम राजेंद्र को प्रशासनिक मदद की दरकार माता-पिता का हो गया निधन। राउमावि खूनाबोरा का शानदार प्रदर्शन, सात छात्र राज्य स्तर के लिए हुए चयनित। 94 टेट्रा मार्का माल्टा देशी शराब के साथ 01 शराब तस्कर गिरफ्तार जिला सूचना अधिकारी गिरजा शंकर जोशी का निधन पत्रकार जगत में शोक की लहर बाराकोट में थानाध्यक्ष ने सुनी जन समस्याएं। साइबर क्राइम के प्रति किया जागरूक चंपावत:पुरानी पेंशन बहाली की मांग सैकड़ो शिक्षक कर्मचारी देहरादून रवाना कल करेंगे सीएम आवास घेराव। चंपावत:
Trending

नुआखाई जुहार पर सेवा और सम्मान का संगम, राष्ट्रपति मुर्मु ने दिया प्रेरणा संदेश : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का युवाओं को संदेश: बड़े सपने देखें, सफलता को राष्ट्रसेवा से जोड़ें

संजीव तिवारी

Oct 22, 2026 09:28 pm 32 views
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का युवाओं को संदेश: बड़े सपने देखें, सफलता को राष्ट्रसेवा से जोड़ें

रायपुर । राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने युवाओं से आह्वान किया कि वे बड़े सपने देखें, अपने ज्ञान और कौशल का निरंतर विकास करें तथा अपनी सफलता को समाज और राष्ट्र की सेवा से जोड़ें। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं और महिलाओं की समान भागीदारी बेहद जरूरी है। जब युवाओं की व्यक्तिगत उपलब्धियां राष्ट्रीय लक्ष्यों से जुड़ेंगी, तभी देश की प्रगति को नई गति मिलेगी।

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में नुआखाई जुहार के अवसर पर आयोजित ‘सेवा सम्मान पर्व एवं युवा प्रबोधन’ कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। कार्यक्रम में राज्यपाल श्री रमेन डेका, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, युवा, महिलाएं और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अन्न का सम्मान और किसानों का योगदान स्वीकार करना हमारा दायित्व

राष्ट्रपति ने नुआखाई पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी कृषि परंपरा, सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव का उत्सव है। यह पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और अपनी सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर देता है।

उन्होंने कहा कि अन्न केवल भूख मिटाने का साधन नहीं, बल्कि किसानों के परिश्रम, धरती की उदारता और प्रकृति के अनमोल उपहार का प्रतीक है। अन्न का सम्मान करना, किसानों के योगदान को स्वीकार करना और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है।

ज्ञान के साथ विनम्रता और सफलता के साथ सेवा भाव जरूरी

युवाओं को प्रेरित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि जीवन में सीखना कभी बंद नहीं करना चाहिए। युवाओं को पुस्तकें पढ़नी चाहिए, प्रश्न पूछने चाहिए और नए ज्ञान के साथ अपने कौशल को लगातार विकसित करना चाहिए। असफलता से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने कहा कि युवाओं को ज्ञान के साथ विनम्रता, महत्वाकांक्षा के साथ नैतिकता और सफलता के साथ सेवा भाव जोड़ना चाहिए। वास्तविक उपलब्धि वही है, जिससे जरूरतमंदों को लाभ मिले, समाज की समस्याओं का समाधान हो और सकारात्मक बदलाव आए।

राष्ट्रपति ने कहा कि राष्ट्र का निर्माण केवल बड़े निर्णयों से नहीं, बल्कि करोड़ों नागरिकों के छोटे-छोटे ईमानदार प्रयासों से होता है। प्रत्येक युवा को अपने कार्य में ईमानदारी, निष्ठा और संवेदनशीलता बनाए रखनी चाहिए।

विकसित भारत के लिए महिलाओं की भागीदारी अनिवार्य

वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि देश की आधी आबादी को आगे बढ़ाए बिना राष्ट्र अपनी पूरी क्षमता के साथ प्रगति नहीं कर सकता। उन्होंने महिलाओं से सामाजिक और राष्ट्रीय कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

उन्होंने युवाओं और पुरुषों से भी कहा कि वे अपनी बहनों और बेटियों को ऐसा वातावरण और अवसर उपलब्ध कराएं, जहां वे बिना किसी बाधा के अपने सपनों को साकार कर सकें। महिलाओं के प्रति सम्मान हमारी सोच, व्यवहार और दैनिक जीवन में दिखाई देना चाहिए।

नक्सलवाद से मुक्ति और विकास की ओर बढ़ता छत्तीसगढ़

राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु ने छत्तीसगढ़ में हो रहे सकारात्मक बदलावों पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के प्रयासों तथा युवाओं की दृढ़ इच्छाशक्ति से प्रदेश के युवा नक्सलवाद के भटकाव से निकलकर मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा, जहां कभी आतंक का अंधेरा था, वहां आज विकास का उजियारा फैल रहा है। यह बदलाव युवाओं और उनके परिवारों के कल्याण के साथ छत्तीसगढ़ तथा पूरे देश की प्रगति को भी गति प्रदान कर रहा है।

राष्ट्रपति का जीवन बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत: मुख्यमंत्री साय

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का जीवन संघर्ष, सादगी, सेवा, शिक्षा और दृढ़ संकल्प की प्रेरणादायक मिसाल है।

ओडिशा के एक छोटे से गांव से देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचने की उनकी यात्रा देश की बेटियों, युवाओं तथा जनजातीय और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका मार्गदर्शन युवाओं को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच सदियों पुराने सामाजिक एवं सांस्कृतिक संबंध हैं। नुआखाई के अवसर पर सेवा सम्मान और युवा प्रबोधन का आयोजन सांस्कृतिक परंपराओं को समाज सेवा और युवा सशक्तीकरण से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल है।

शिक्षा, कौशल और रोजगार पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की निर्णायक भूमिका होगी। राज्य सरकार शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, नवाचार और उद्यमिता के अवसरों का विस्तार कर रही है।

उन्होंने बताया कि चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के लिए गीदम, कुनकुरी, जांजगीर-चांपा, मनेन्द्रगढ़ और कवर्धा में पांच नए मेडिकल कॉलेज शुरू किए गए हैं। नवा रायपुर में नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की स्थापना की जा रही है, जहां प्रतिवर्ष लगभग चार हजार युवाओं को आधुनिक तकनीक और व्यावसायिक प्रशिक्षण देने का लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, छत्तीसगढ़ राज्य एआई मिशन के माध्यम से छह लाख विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति के अंतर्गत युवाओं के नवाचारों को बढ़ावा देने के लिए 100 करोड़ रुपये का स्टार्टअप फंड बनाया गया है।

उन्होंने बताया कि चार वर्ष की सैन्य सेवा पूरी करने वाले छत्तीसगढ़ के अग्निवीरों को पुलिस आरक्षक, वनरक्षक और जेल प्रहरी की सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय भी लिया गया है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक युवा को आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना है।

रक्तदान महाकुंभ में 2,548 लोगों ने किया रक्तदान

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित रक्तदान महाकुंभ रहा। मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि इस अभियान में 2,548 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया, जिनमें 1,188 महिलाएं शामिल थीं।

उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ की सेवा भावना, सामाजिक सहभागिता और नारी शक्ति का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। राज्यपाल श्री रमेन डेका ने भी रक्तदाताओं, विशेषकर महिला रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की महान सेवाओं में से एक है।

राज्यपाल ने नुआखाई को धरती माता के प्रति कृतज्ञता, किसानों के परिश्रम के सम्मान और सामाजिक एकता का पर्व बताते हुए युवाओं से नशे और भटकाव से दूर रहकर ज्ञान, कौशल तथा नवाचार के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव एवं श्री विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल, तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब, राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

शेयर करें